
हाल ही में अभिनेता Rajat Bedi ने मुंबई के अंधेरी इलाके में राजेश बौध नाम के एक शख्स को अपनी कार से टक्कर मार दी थी। हिट एंड रन केस में बॉलीवुड अभिनेता मुसीबत में आ गए हैं। इसके बाद Rajat Bedi ने घायल शख्स को कूपर अस्पताल में भर्ती करवाया था। दो दिन इलाज के बाद घायल शख्स की मौत हो गई है। यह जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी। मंगलवार देर रात पीड़ित की मौत के बाद पुलिस ने एफआईआर में धारा 304-A और बढ़ा दी है। पुलिस के जानकारी देने तक रजत की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पीड़ित परिवार ने बताया था कि रजत ने ऐक्सीडेंट के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया था और मदद का वादा किया था। हालांकि बाद में वह गायब हो गए।
PTI की खबर के मुताबिक, अफसरों ने बताया, पीड़ित राजेश बौध एक मजदूर थे। दो दिन से कूपर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, ऐक्सीडेंट सोमवार को अंधेरी के एक मंदिर के पास हुआ था। रजत बेदी उस वक्त अपने घर जा रहे थे। पैदल जा रहे राजेश नशे में थे और अचानक सड़क के बीच में आ गए। रजत ब्रेक लगा पाते तब तक वह गाड़ी के नीचे आ गए।
रजत ने घायल को कूपर अस्पताल में भर्ती करवा दिया। उन्होंने डीएन नगर पुलिस स्टेशन जाकर पुलिस को घटना की जानकारी भी दी। वहीं पीड़ित की पत्नी ने आरोप लगाया कि रजत ने अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद इलाज में मदद का आश्वासन दिया था। रजत ने कहा था कि वह और उनका ड्राइवर वहीं रहेंगे लेकिन वे चले गए और वापस नहीं आए।
अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार राजेश बौध की रजत बेदी की कार से लगी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई है। इस मामले में रजत बेदी के मैनेजर ने बयान जारी कर कहा है, ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना, हालांकि यह रजत की गलती नहीं थी क्योंकि वह वास्तव में धीमी गति से गाड़ी चला रहे थे। श्री राजेश अचानक रजत की कार के सामने आ गया था। अंधेरी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास वह पूरी तरह नशे में था।’
मैनेजर ने आगे कहा, ‘दुर्घटना के बाद रजत खुद उन्हें तुरंत कूपर अस्पताल ले गए और उन्हें हर संभव मदद और सहायता प्रदान की, रात को 3.30 बजे ब्लड की व्यवस्था की और उनके परिवार का समर्थन किया। दुख की बात है कि उनका निधन हो गया।’ गौरतलब है कि राजेश बौध को रजत बेदी की कार से टक्कर मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे शीतला देवी मंदिर के पास लगी थी। उस समय रजत बेदी अपने घर जा रहे थे।