
बॉलीवुड और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहुर रैपर सिंगर ‘यो यो हनी सिंह’ (Yo Yo Honey Singh) के लिए बीता मंगलवार काफी भारी रहा। हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार (Shalini Talwar) ने उन पर घरेलू हिंसा, मानसिक शोषण और आर्थिक शोषण का आरोप लगाए हैं। शालिनी के आरोप है की हनी सिंह समेत उनके माता-पिता और बहन ने भी उनके साथ शोषण किया है। उन्होनें चारों के खिलाफ दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में याचिका दायर की है। 160 पन्नों की याचिका में शालिनी ने अपने हनीमून के दौरान हुई हिंसा का भी जिक्र किया। शालिनी ने बताया कि हनीमून के दौरान ही हनी सिंह ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी थी।
कोर्ट में दी गई अपनी याचिका में शालिनी तलवार (Shalini Talwar) ने बताया कि दस साल के प्यार के बाद 14 मार्च 2010 को दोनों के घर वालों की मर्जी से सगाई हुई थी। 23 जनवरी 2011 में दोनों ने परिवार वालों की मौजूदगी में सरोजनी नगर के गुरुद्वारे में शादी कर ली। हिरदेश सिंह उर्फ हनी सिंह (Honey Singh) को म्यूजिक से शुरू से ही प्यार था। म्यूजिक के प्रति उसके प्यार की वजह से ही शालिनी ने भी उसका हमेशा साथ दिया।
अपनी याचिका में शालिनी ने बताया शादी के बाद जब वह हनीमून के लिए मॉरिशस गए तभी से उन्होंने (हनी सिंह) उनके ऊपर हाथ उठाना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि उनके एक जानकार जीत कलसी ने हनी सिंह और उनको मॉरिशस का हनीमून पैकेज गिफ्ट किया था। दोनों मॉरीशस पहुंचे तो शालिनी ने अहसास किया कि हनी सिंह का व्यवहार बदला गया था वो ज्यादातर चुप और शांत रहने लगा। हनी सिंह के बदले हुए व्यवहार को देखकर होटल में शालिनी ने हनी सिंह से उसके बदले हुए व्यवहार के बारे में पूछा तो वह आगबबूला हो गया। गुस्से में हनी सिंह ने शालिनी को बेड पर जोरदार धक्का मारा और चिल्लाने लगा कि यो यो हनी सिंह से सवाल करने की हिम्मत किसी की नहीं होती, तो तुम भी मुझसे कभी कोई सवाल मत करना।
हनी सिंह (Honey Singh) ने कहा, ‘मैं वैसे ही शादी को लेकर परेशान हूं मैं तो शादी करना ही नहीं चाहता था, लेकिन मैंने तुमसे वादा किया था, इसलिए मुझे शादी करनी पड़ी। अपने दस साल पुराने प्यार के मुंह से ये शब्द सुनकर शालिनी पूरी तरह टूट गई थी। ये बोलकर हनी सिंह होटल के कमरे से बाहर निकल गया। शालिनी तलवार का आरोप है कि हनी सिंह ये कहने के बाद अगले दस से बारह घंटे तक वापस नहीं आया। जब वो वापस आया तो शालिनी ने उससे हनीमून के दौरान होटल के कमरे में अकेला छोड़कर जाने का कारण पूछा तो हनी सिंह ने बड़ी बेरहमी से शालिनी की पिटाई की, जिसके बाद दोनों के संबंध बेहद खराब हो गए।
शालिनी तलवार (Shalini Talwar) ने अपनी याचिका में बताया की बहुत ज्यादा फेमस हो जाने के बाद हनी सिंह (Honey Singh) ने कई महिलाओं के साथ जिस्मानी संबंध भी बना लिए थे। वो हमेशा अपनी शादी को लोगों से छुपाता था।अपने शादीशुदा होने की कोई भी निशानी वो सार्वजनिक नहीं करता था इसीलिए उसने सगाई पर पहनाई गई हीरे की अंगूठी भी उतार दी थी। उस दौरान ये कहकर अंगूठी उतारी थी कि हीरे पहनना उनके नसीब के लिए अच्छा साबित नहीं होता। आपको बता दें कि हनी सिंह ने अपनी शादी को तीन सालों तक दुनिया से छुपा कर रखा था। साल 2014 में हनी सिंह ने पहली बार शालिनी को फैंस के इंट्रोड्यूस कराया था।